मिशन शक्ति केन्द्र
प्रस्तावना एवं उद्देश्य
महिलाओं का उत्पीड़न रोकने, उनके विरूद्ध हो रहे अपराधों को नियंत्रित करने, उनको सहायता प्रदान करने एवं महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु राज्य सरकार एवं पुलिस विभाग द्वारा अनेक योजनायें क्रियान्वित की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस महिला शिकायतकर्ताओं के प्रति संवेदनशीलता, तत्परता, प्राथमिकता एवं उनके साथ होने वाली किसी भी घटना के उपरान्त समुचित काउंसलिंग, सहयोग एवं संरक्षण के साथ ही उपरोक्त कार्यों हेतु जवाबदेही तय करने के लिए कटिबद्ध है।
उद्देश्य
मिशन शक्ति केन्द्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य महिला अपराध / उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं को एकीकृत सहायता प्रदान करने के लिए थाने पर एक महिला केन्द्रित कार्यप्रणाली स्थापित करते हुए पुलिस थाने में पीड़िता के आगमन से लेकर पुनः मानसिक एवं शारीरिक रूप से पूर्णतः सशक्त होने तक काउन्सलिंग, मार्गदर्शन, सहयोग और संरक्षण सम्बन्धी सेवाएं प्रदान करने हेतु एकल सम्पर्क बिन्दु के रूप में कार्य करना है। जिसके अन्तर्ग मुख्यतः निम्न कार्य सम्मिलित हैं-
- पुलिस सहायता, चिकित्सा सहायता, कानूनी सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श (Counselling), पुनर्वास व आश्रय, मुआवजा एवं क्षतिपूर्ति आदि की व्यवस्था कराना।
- महिलाओं की सुरक्षा हेतु संचालित एण्टी रोमियो स्क्वाड, महिला बीट प्रणाली, महिला हेल्प डेस्क का समुचित व समयबद्ध संचालन।
- महिला अपराध से सम्बन्धित अभियोगों की मॉनीटरिंग ।
- लैंगिक समानता, महिलाओं के अधिकारों, महिलाओं के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं आदि से सम्बन्धित जन-जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार ।